हरियाणा पुलिस ने रविवार को कहा कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के वाहन काफिले पर करनाल में हुए हमले के मामले में वह खालिस्तान कमांडो फोर्स (केसीएफ) के एक पूर्व उग्रवादी की भूमिका की पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही संदिग्ध को पकड़ने के लिए पटियाला और उत्तरप्रदेश में छापे मारे जा रहे हैं।
करनाल के पुलिस अधीक्षक एएस चावला ने कहा कि हमारे पास विशिष्ट सूचना है कि केसीएफ के पूर्व उग्रवादी बक्शीशसिंह ने कल का हमला कराया। उसका पता लगाने के लिए हमारी टीमें पटियाला और उत्तरप्रदेश में छापेमारी कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि केसीएफ के पूर्व उग्रवादी को 2003 में जमानत पर रिहा किया गया था और वह पटियाला में रह रहा था।
उन्होंने कहा कि बक्शीश का नाम कल के हमले के कुछ देर बाद पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए ट्रक ड्राइवर और क्लीनर से पूछताछ के दौरान सामने आया।
हमले के बाद कल शाम हजारों डेरा अनुयायियों के करनाल सहित हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में सड़कों पर उतरने पर स्थिति संवेदनशील हो जाने के बाद मौजूदा हालात के बारे में पूछे जाने पर चावला ने कहा कि आज यह शांतिपूर्ण है और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
पटियाला से मिली एक रिपोर्ट में कहा गया है कि पंजाब पुलिस की मदद से हरियाणा पुलिस ने बक्शीश को पकड़ने के लिए पटियाला शहर और पास के गाँवों में तलाशी अभियान शुरू किया है।
पुलिस ने रागो माजरा इलाके में सिंह के मकान और आसपास के भवनों पर छापा मारा लेकिन खाली हाथ लौटी। पुलिस ने सरहिन्द रोड पर मजरी अकलियाँ गाँव में कुछ मकानों पर भी छापेमारी की। अपुष्ट खबरों में कहा गया है कि पुलिस ने सरहिन्द रोड पर एक गुरुद्वारे पर भी छापा मारा।
|