गुजरात के अहमदाबाद शहर के कालूपुर इलाके में एक होटल की इमारत ध्वस्त हो जाने से कम से कम पाँच लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोगों के अभी भी मलबे में फँसे होने की आशंका है।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मलबे से 30 लोगों को निकाला गया था जिनमें पाँच की मौत हो गई। घायलों को नगर के विभिन्न अस्पतालों में दाखिल कराया गया है।
इस बीच मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य आपात प्रबंधन समूह की बैठक बुलाई है। मोदी ने इस हादसे में मरने वालों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से एक-एक लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री जयनारायण व्यास घायलों को मुहैया कराई जा रही चिकित्सा सुविधा का मुआयना करने के लिए सिविल अस्पताल पहुँचे। गंभीर रूप से घायलों को अन्य अस्पतालों से इस अस्पताल में लाया जा रहा है। गृहमंत्री अमित शाह और नगरपालिका आयुक्त आईपी गौतम घटनास्थल पर बचाव एवं राहत कार्यों का निरीक्षण किया।
दमकल अधिकारियों के मुताबिक रेलवे स्टेशन के सामने स्थित शौकत होटल सुबह करीब नौ बजे गिर गया। इस क्षेत्र में रह रहे लोगों के मुताबिक हताहतों में ज्यादातर विद्यार्थी शामिल हैं, जो रेलवे भर्ती बोर्ड की आज होने वाली परीक्षा में शामिल होने के लिये अहमदाबाद आए हुए थे।
|