छत्तीसगढ़ में नारायणपुर जिले में नक्सली हमले में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक अधिकारी समेत चार सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए। राज्य के पुलिस महानिर्देशक विश्वरंजन ने शनिवार को बताया कि नारायणपुर जिले के बेहबेड़ा गाँव के पास नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया, जिसमें केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक उपनिरीक्षक और तीन सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए। विश्वरंजन ने बताया कि जिले के कुरुसनार गाँव में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल का शिविर है। शिविर के जवान रोजमर्रा के सामान खरीदने नारायणपुर गए हुए थे। वापस लौटते समय नारायणपुर से कुछ दूरी पर बेहबेड़ा के पास नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया तथा गोलीबारी भी की। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान मोटरसाइकल से वापस कुरुसनार लौट रहे थे तथा सभी निहत्थे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर सीआरपीएफ की एक अन्य टुकड़ी गस्त लगा रही थी जिसने धमाके के बाद नक्सलियों पर जवाबी कार्रवाई की। अभी तक इस घटना में किसी भी नक्सली के मारे जाने की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
|