बाल ठाकरे के भतीजे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के मुखिया राज ठाकरे उत्तर भारतीयों का विरोध कर मुश्किल में फँसे गए हैं। छठ पूजा का विरोध करने वाले ठाकरे अब सभी राजनीतिक दलों के निशाने पर हैं।
उल्लेखनीय है कि राज ठाकरे ने महाराष्ट्र में उत्तर भारतीय दिवस और छठ पूजा मनाए जाने का हाल ही में विरोध किया था। राज ने कहा था- छठ पर्व एक नाटक है और इसके बहाने बिहार के लोग मुंबई में अपना प्रभुत्व जमाना चाहते हैं। उन्होंने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के उत्तरप्रदेश प्रेम की भी आलोचना की थी।
राज ने अमिताभ को कोसा : राज ठाकरे ने शुक्रवार रात धारावी में एक समारोह के दौरान कहा था कि बच्चन मुंबई में आकर सुपरस्टार बने लेकिन उनका झुकाव महाराष्ट्र के बजाय उत्तरप्रदेश की तरफ अधिक है। वे महाराष्ट्र के बजाय उत्तरप्रदेश का एम्बेसडर बनने की कोशिश कर रहे हैं।
ठाकरे ने कहा कि मुंबई से सब कुछ हासिल करने वाले अमिताभ के सामने जब चुनाव लड़ने का विकल्प आया तो उन्होंने उत्तरप्रदेश को ही चुना।
पासवान ने गिरफ्तारी की माँग की : लोजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने महाराष्ट्र सरकार से छठ पर्व के बारे में दिए गए बयान पर राज ठाकरे को गिरफ्तार करने की माँग की है।
उन्होंने कहा कि ठाकरे का यह बयान देश की एकता एवं अखंडता के लिए खतरा है। पासवान ने आरोप लगाया कि ठाकरे परिवार की राजनीति ही लोगों को एक-दूसरे के खिलाफ भड़काने की रही है। वे मराठियों तथा गैर मराठियों के बीच दुराव पैदा करते रहे हैं।
पासवान ने कहा कि विभिन्न पर्व-त्योहार देश के लोगों की आस्था से जुड़े हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि कोई मराठी परिवार दिल्ली में रहता है तो क्या वह गणेश चतुर्थी नहीं मनाएगा?
जितनी भी निंदा हो कम है : ठाकरे के इस बयान को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अशोभनीय बताते हुए कहा था कि छठ एक धार्मिक त्योहार है, जिसमें लाखों लोगों की आस्था है। ऐसे में इस अपमानजनक टिप्पणी की जितनी भी निंदा की जाए कम है। देश को बाँटने वाला बयान : दूसरी तरफ रेलमंत्री लालूप्रसाद ने राज ठाकरे के बयान की निंदा करते हुए इसे देश को बाँटने वाला कथन बताया है। उन्होंने ठाकरे के इस बयान को देश में क्षेत्रीयता की भावना को उद्वेलित करने वाला बताते हुए कहा कि उनके इस बयान से न सिर्फ बिहार, बल्कि पूरे विश्व में छठ पर्व मनाने वालों की धार्मिक भावना को ठेस पहुँची है।
मूर्खतापूर्ण टिप्पणी : कांग्रेस के प्रवक्ता संजय निरूपम ने अमिताभ बच्चन पर राज ठाकरे की ओर से दिए गए बयान को मूर्खतापूर्ण टिप्पणी करार दिया है। उन्होंने कहा कि बयान में ऐसा कुछ नहीं है जिस पर प्रतिक्रिया दी जाए।
निरूपम ने कहा कि अगर मूल रूप से महाराष्ट्र के रहने वाले मधु लिमये बिहार से चुनाव लड़ सकते हैं तब ऐसे में अमिताभ अगर दूसरी जगह से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हैं तो इसमें क्या बुराई है।
उत्तर भारतीय कमतर नहीं : फिल्म अभिनेता और भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने राज के बयान की आलोचना करते हुए एक टीवी चैनल से कहा कि महाराष्ट्र के विकास में उत्तर भारतीयों का खासा योगदान है। उन्हें किसी से भी कमतर नहीं आँका जाना चाहिए। शिवसेना के संजय राउत ने भी राज के बयान की आलोचना की है।
|