वृंदावन में आज एक ऑस्ट्रेलियाई लड़की को उसके प्रेमी ने गोली मार दी और बाद में उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के मुताबिक यह घटना वृंदावन के रमण रेती इलाके में दो बजे के करीब हुई। मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आरके चतुर्वेदी ने बताया कि उत्तरप्रदेश के पूर्व मंत्री तेजपाल सिंह के भतीजे 28 वर्षीय सौरभ ने ऑस्ट्रेलिया के पर्थ शहर में रहने वाले सुसान की 26 वर्षीय पुत्री लीला को किसी बात पर हुई बहस के बाद गोली मार दी।
इसके बाद सौरभ ने रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई। लीला को आगरा के अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बताई जाती है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सौरभ की कार और रिवाल्वर को जब्त कर लिया गया है। जब्त की गई कार सौरभ के पिता माखनसिंह की है।
उल्लेखनीय है कि यह ऑस्ट्रेलियाई लड़की अपने दो भाइयों के साथ वृंदावन में पिछले पाँच साल से रह रही है।
|