देशी विदेशी शिल्पियों का महाकुंभ 'सूरजकुंड मेला' एक फरवरी से शुरू होगा और 15 फरवरी तक चलेगा। इस बार इस मेले में दक्षेस देशों और थाईलैंड के अलावा दक्षिण अफ्रीका तथा ब्राजील के कलाकार भी शामिल हो रहे हैं। मेले में आकर्षण का केन्द्र होंगे हास्य कवि सुरेन्द्र शर्मा और नृत्य सम्राठ बिरजू महाराज।
सूरजकुंड मेले में दक्षेस देशों के कलाकार पिछले दो साल से शामिल हो रहे हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील के कलाकार पहली बार इसमें शिरकत करेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री मानवेंद्र मुखर्जी की मौजूदगी में 22वें सूरजकुंड मेले का उद्घाटन विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी करेंगे।
हरियाणा की पर्यटन मंत्री किरण चौधरी के अनुसार इस बार के मेले में कई नई चीजें शामिल होंगी। मेले में इस बार का थीम राज्य पश्चिम बंगाल है जिसके कलाकारों ने मेला परिसर के मुख्य द्वार को 'विष्णुपुर द्वार' के रूप में सजाया है।
मेले में सिर्फ शिल्पी ही अपने हुनर का प्रदर्शन नहीं करेंगे बल्कि देशभर के प्रसिद्ध कलाकार भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लोगों का दिल जीत लेंगे। कलात्मक कलाकृतियों के इस महाकुंभ में देशभर के लगभग 350 शिल्पी भाग ले रहे हैं जिनमें से कई राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा के लिए विभिन्न पुरस्कारों से नवाजे जा चुके हैं।
4 फरवरी को सूरजकुंड मेले में हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा हास्य रस की फुलझड़ियाँ छोड़ेंगे तो 5 फरवरी को ऊँचे दरख्तों की छाया तथा अरावली पर्वत श्रृंखला की तलहटी में बसे सूरजकुंड के शांत माहौल को लिटिल चैंप्स अपनी आवाज के जादू से गुंजायमान कर देंगे।
9 फरवरी को पाकिस्तान के पंजाबी लोक गायक बदरू जमन अपनी गायकी का रंग बिखेरेंगे तो 12 फरवरी को पद्मविभूषण बिरजू महाराज अपने नृत्य का जलवा दिखाएँगे।
मेले में चुलबुली और शोख अदाओं वाली मॉडलों की दिल धड़का देने वाली कैट वाक भी देखने को मिलेगी। सुबह साढ़े नौ बजे से शाम छह बजे तक चलने वाले मेले में जहाँ तमिलनाडु का करगम लोकनृत्य देखने को मिलेगा वहीं कर्नाटक के ढोलू कुनिता लोक नृत्य की भी प्रस्तुति होगी।
मेले में गुजरात का डांडिया गरबा, गोवा का तरंग मेल, उड़ीसा का संभलपुरी और असम का बीहू नृत्य भी देखने को मिलेगा। राजस्थान की चकरी और कठपुतली भी मेले की शोभा बढ़ाती नजर आएँगी। हरियाणा की ढोल नगाड़ा पार्टी जहां दर्शकों को थिरकाएगी, वहीं सपेरों की बीन मेले में आने वालों को मदमस्त करने का काम करेगी।
|