शिरडी स्थित साँई बाबा मंदिर को 2007 में रिकॉर्ड 60 करोड़ रुपए का नकद दान मिला। इसके अलावा 14 किलोग्राम सोना और 235 किलो चाँदी का चढ़ावा आया।
शिरडी साँई बाबा संस्थान ट्रस्ट ने बुधवार को एक बयान में कहा कि 2006 में श्रद्धालुओं ने 35.25 करोड़ रुपए और नौ किलोग्राम सोना तथा 136 किलोग्राम चाँदी का दान दिया था। बयान के अनुसार पिछले साल 23 दिसंबर को दत्तात्रेय जयंती के दिन हैदराबाद के एक भक्त ने 90 किलोग्राम का सिंहासन दान में दिया, जिसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपए थी।
इस वर्ष भक्तों ने अब तक 6.24 करोड़ रुपए नकद एक किलोग्राम सोना और 30 किलोग्राम चाँदी का दान किया है।
बयान के अनुसार ट्रस्ट ने 300 करोड़ रुपए की एक विकास योजना तैयार की है जिसके तहत स्कूल अस्पताल और सड़कें बनाने के अलावा एक पेयजल स्कीम का कार्यान्वयन किया जाएगा।
|