मध्यप्रदेश में गुना जिला मुख्यालय से दस किमी दूर बीनागंज मार्ग पर सोमवार दोपहर बस और ट्रक की टक्कर में 15 यात्रियों की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक योगेश चौधरी ने बताया कि दुर्घटना में हताहत हुए सभी लोग बस में सवार थे। घायलों को यहाँ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना बीनागंज मार्ग पर घाट इलाके में कनेश्वरी मंदिर के पास हुई। बस गुना से जिले के कुंभराज जा रही थी।
चौधरी ने बताया कि दुर्घटना में हताहत सभी गुना जिले के निवासी बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर भी जिला अस्पताल पहुँच गए। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि सात लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बस निजी ट्रेवल्स की है।
आर्थिक सहायता : भोपाल में राज्य सरकार की एक विज्ञप्ति के अनुसार मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मृतकों के परिवारों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन को मृतकों के वारिसों को 50-50 हजार रुपए की सहायता और घायलों को समुचित चिकित्सा व्यवस्था मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
|