उत्तर भारत में शीतलहर के प्रकोप में कोई कमी नहीं आई है और कई स्थानों पर तापमान जमाव बिन्दु तक पहुँच गया है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी ठंड की स्थिति कायम है और वहाँ का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया। मौसम विभाग ने तापमान में और कमी आने की भविष्यवाणी की है।
मुंबई में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री था जो पिछले 45 साल में सबसे कम है। पंजाब और हरियाणा में कंपकपाती ठंड ने लोगों को परेशान कर दिया और उन्हें आग तापने पर मजबूर कर दिया।
पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा स्थान रहा और वहाँ तापमान शून्य से 1.6 डिग्री नीचे चला गया जो सामान्य से सात डिग्री कम है। लुधियाना और पटियाला में भी तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया। हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा जहाँ तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि करनाल में पारा 2.4 डिग्री तक चला गया।
राजस्थान में भी कड़ाके की सर्दी का सिलसिला जारी रहा और पिलानी में 0.1 डिग्री चुरू में 0.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इस बीच शिमला में धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिली। वहाँ दिन का तापमान बढ़कर नौ डिग्री तक पहुँच गया जो कल 4.5 डिग्री था।
हिमाचल प्रदेश में कई अन्य स्थानों पर भी दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और सुंदरनगर में अधिकतम 15.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जबकि भूंटर में यह 14.2 डिग्री रहा।
लेकिन रात के तापमान में अभी बहुत अंतर नहीं आया है और कई स्थानों पर यह शून्य से नीचे बना रहा। पश्चिम बंगाल में दार्जिलिंग में बर्फ गिरने से पर्यटकों में उत्साह देखा गया।
|