बिहार में सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान प्रवेश को लेकर उग्र भीड़ द्वारा पथराव किए जाने से 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक कुँवरसिंह ने रविवार को बताया कि गणतंत्र दिवस के मौके पर स्थानीय सहरसा स्टेडियम में शनिवार रात एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिसमें लोकप्रिय भोजपुरी गायिका देवी द्वारा गायन प्रस्तुत किया जाना था। उन्होंने बताया कि भीड़ ने स्टेडियम में जबरन घुसने की कोशिश की जिस पर वहाँ तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका।
सिंह ने बताया कि इसके बाद उग्र भीड़ ने पथराव किया, जिसमें 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि उग्र भीड़ ने दो पुलिस वाहन समेत आठ वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में 12 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है।
|