अमिताभ बच्चन के नाम ग्राम सभा भूमि के विवादास्पद आवंटन को लेकर पिछले दिनों सुर्खियों में रहे बाराबंकी जिले के दौलतपुर गाँव में रविवार को बच्चन ने सपरिवार उपस्थित होकर पुत्रवधू ऐश्वर्या के नाम पर बनने वाले ऐश्वर्या बच्चन कन्या महाविद्यालय का शिलान्यास किया। ठेठ देहात में बसे इस गाँव में महाविद्यालय के शिलान्यास और भूमि पूजन के लिए भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अमिताभ बच्चन के साथ उनकी पत्नी जया, पुत्र अभिषेक और पुत्रवधू ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ ही समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायमसिंह यादव और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अमरसिंह के अलावा टीडीपी के नेता और आंध्र के पूर्व मुख्यमंत्री चन्द्रबाबू नायडू, इंडियन नेशनल लोकदल के अध्यक्ष और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला तथा जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला की भागीदारी रही। भूमिपूजन के बाद समारोह में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए अमिताभ बच्चन ने याद दिलाया कि अपने पिछले जन्मदिन पर अमरसिंह ने विंध्याचल देवी के दर्शन के मौके पर घोषणा की थी कि बहू ऐश्वर्या के नाम पर दौलतपुर में एक कन्या महाविद्यालय खोला जाएगा और आज उनके जन्मदिन पर ही उनका यह वादा पूरा किया जा रहा है। इस मौके पर बच्चन ने पिछले दिनों पटना के एक हॉस्टल में लावारिस छोड़ दी गईं दो बच्चियों अंजलि और रिमझिम के पालन-पोषण और पढ़ाई की जिम्मेदारी लेने की घोषणा की और मंच पर ही दोनों बच्चियों को एक-एक लाख रुपए का चेक दिया।
उन्होंने कहा कि दोनों बच्चियों के पालन-पोषण और शिक्षा पर जो भी खर्च आएगा, वह निष्ठा न्यास को देते रहेंगे। इस न्यास पर ऐश्वर्या कन्या महाविद्यालय की देखरेख का भी जिम्मा सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि साढ़े तीन एकड़ भू-भाग पर बनने वाले इस महाविद्यालय के भवन का निर्माण एक साल मे पूरा हो जाएगा और आगामी जुलाई से आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी।
बच्चन को ग्राम सभा भूमि के आवंटन विवाद से पहले लगभग गुमनाम से रहे दौलतपुर गाँव में आज सुबह से ही जश्न और उत्सव का माहौल था और लोग बच्चन परिवार तथा राजनीतिक दिग्गजों के इंतजार में बार-बार आसमान की तरफ देख रहे थे, जो चार हेलिकॉप्टरों के उतरने के साथ समाप्त हुआ।
ऐश्वर्या ने आभार माना : ऐश्वर्या ने अपने संबोधन में डॉ. हरिवंशराय बच्चन, ससुर अमिताभ बच्चन, सास जया बच्चन के साथ-साथ मंच पर मौजूद सभी नेताओं का आभार माना।
उन्होंने कहा कि जब मेरे नाम पर कॉलेज के नामकरण की बात सामने आई तो मुझे लगा कि अभी तक तो मैं बहुत छोटी हूँ, उम्र-तजुर्बे दोनों में, लेकिन सभी ने समझाया कि कॉलेज का नाम यही होगा, तब मैंने सहज स्वीकार कर लिया।
ऐश ने उम्मीद जताई कि इस कॉलेज के बनने के बाद आसपास की लड़कियों को अच्छी शिक्षा मिलेगी। समारोह को अभिषेक बच्चन, जया और अमिताभ बच्चन ने भी संबोधित किया। (भाषा)
|