राजस्थान में सीमावर्ती बाडमेर जिले की कला और संस्कृति के जीवंत प्रतीक के रूप में आगामी 23 फरवरी से आयोजित थार महोत्सव में इस बार 'थारश्री', 'थारसुंदरी' के अलावा 'मिसेज थार' प्रतियोगिता भी होगी।
जिला कलेक्टर सुबीर कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तीन दिवसीय थार महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों एवं सम्बंधित व्यवस्थाओं के बारे में चर्चा की गई।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि किराडू तथा चौहटन में आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रम जिला मुख्यालय पर बनाए जा रहे शिल्प ग्राम में ही कराये जाएँगे। जिला कलेक्टर की पहल पर उदयपुर की तर्ज पर उत्तरलाई मार्ग पर निर्माणाधीन शिल्प ग्राम इस बार पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र रहेगा।
थार महोत्सव के प्रथम दिन 23 फरवरी को सुबह बाड़मेर में शोभा यात्रा निकाली जाएगी, दोपहर में आदर्श स्टेडियम में लोक प्रतियोगिताएँ होगी और शिल्पग्राम में भजन संध्या आयोजित की जाएगी। शिल्प ग्राम में गैर नृत्य के आयोजन के साथ हाट-बाजार भी सजेगा।
थार महोत्सव के दूसरे दिन लोकसंगीत संध्या में विभिन्न राज्यों के लोक कलाकारों तथा मंचन के क्षेत्र के कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा। थार महोत्सव का समापन बालोतरा में शोभा यात्रा, रोमांचकारी लोक प्रतियोगिताओं तथा सांस्कृतिक संध्या के साथ होगा।
|