उत्तरप्रदेश में सिलसिलेवार बम विस्फोटों का षड्यंत्र रचने वाला प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन हरकत उल जेहाद-ए-इस्लामी (हूजी) का मुख्य कमांडर बशीर अहमद उर्फ सबह हिजाजी शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल एसडी गोस्वामी ने बताया कि 11 राष्ट्रीय रायफल (डोगरा) और स्पेशल टास्क फोर्स के जवानों की संयुक्त कार्रवाई में किश्तवाड़ जिले के छतर इलाके के डोलगाम में बशीर तड़के यह आतंकवादी मारा गया।
सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एक सेटेलाइट फोन, एक वायरलेस और एके राइफलें बरामद हुई हैं। उत्तरप्रदेश बम विस्फोट के संबंध में गिरफ्तार आतंकवादियों से की गई पूछताछ के बाद से सुरक्षा बल हूजी के मुख्य कमांडर की तलाश कर रहे थे।
सबह द्वारा राष्ट्रीय राइफल्स के डेल्टा फोर्स के किश्तवाड़ स्थित सेक्टर नौ के कमांडर और सहायक पुलिस अधीक्षक की हत्या के बाद उसकी तलाश और तेज कर दी गई।
कश्मीर के अनंतनाग जिले में जन्मा सबह 1992 में आतंकवादी संगठन में शामिल हो गया। कश्मीर के साथ ही देश के अन्य भागों में भी कई आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देने में वह शामिल था।
लेफ्टिनेंट जनरल गोस्वामी ने कहा कि गत वर्ष नवंबर में उत्तरप्रदेश की तीन अदालत परिसरों में हुए बम विस्फोटों के पीछे सबह का ही दिमाग था। इन विस्फोटों में 12 से अधिक लोग मारे गए थे। उन्होंने कहा कि हैदराबाद के दोहरे बम विस्फोट में भी उसकी भूमिका की पुलिस जाँच कर रही है।
|