शहीदे आजम भगत सिंह को मरणोपरांत 'भारत रत्न' से अलंकृत किए जाने की माँग को उनके परिवार ने यह कह कर खारिज कर दिया कि भगत सिंह की शख्सियत 'भारत रत्न' सम्मान से कहीं ज्यादा ऊँची है।
शहीद भगत सिंह के भतीजे किरणजीत सिंह ने गुरुवार को बताया कि भारत रत्न सम्मान आज तक ऐसे लोगों को मिलता रहा है जिनकी पहचान, शख्सियत और उनका कद भगत सिंह से काफी छोटा रहा। ऐसे में यदि सरकार भगत सिंह को भारत रत्न सम्मान देने के बारे में सोचती है तो इस सम्मान को पाकर उनका परिवार अपने को धन्य महसूस नहीं करता क्योंकि भगत सिंह जैसे वीरों का कद इस सम्मान से कई गुना ऊँचा है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष लोकसभा परिसर में भगत सिंह की 18 फुट ऊँची प्रतिमा लगाई जाएगी जिसका अनुमोदन सर्वदलीय समिति ने कर दिया है।
|