दिल्ली के दूल्हे को कानपुर में अपनी शादी में दुल्हन वालों से कार दहेज में माँगना महँगा पड़ गया। दुल्हन ने शादी से तो इनकार किया ही साथ ही साथ उसके घरवालों ने दूल्हे समेत सभी बारातियों की जमकर धुनाई भी की। शहर के तिवारीपुर के हरिराम वर्मा की पुत्री विनीता का विवाह दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके में रहने वाले मोहनलाल वर्मा के पुत्र राजीव वर्मा से तय हुआ था। शनिवार रात बारात आई और रविवार को शादी थी। विनीता के पिता हरिराम के मुताबिक वर-वधू के फेरों के बाद लड़के के पिता ने एक लाख रुपए और कार की माँग की। बहुत समझाने बुझाने के बाद भी जब वर न माना तो लड़की विनीता ने शादी से इनकार कर दिया। दूल्हा के पक्ष के लोगों की दहेज की माँग पर दुल्हन के घर वाले भड़क उठे और उन्होंने दूल्हे समेत सभी बारातियों की जमकर धुनाई की। बाद में पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया और दूल्हा राजीव बैरंग वापस घर लौट गया।
|