कश्मीर में शहर के पुराने इलाके में रविवार को हिंसा पर उतारू भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस द्वारा छोड़े गए आँसू गैस के गोले और लाठीचार्ज में कुछ पुलिसकर्मियों समेत 25 से अधिक लोग घायल हो गए।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शनिवार रात हावाल इलाके में मुस्लिमों के दो गुटों के लोगों के बीच संघर्ष शुरू हुआ था। इस संघर्ष में कुछ मकान और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
उन्होंने बताया कि रविवार सुबह एक गुट से संबंधित लोग कल रात हुई घटना के खिलाफ नोहत्ता और गोझवारा में सड़कों पर उतर आए। जब इन लोगों ने हवाल क्षेत्र में जाने का प्रयास किया तो पुलिस ने दूसरे गुट के लोगों से किसी संभावित टकराव को रोकने के लिए उन्हें रोकने की कोशिश की।
सूत्रों ने बताया कि उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया और पुलिस को उग्र भीड़ पर काबू पाने के लिए आँसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों समेत 25 से अधिक लोग घायल हो गए।
|