मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
पुलिस फायरिंग में तीन मरे
बिहार के भागलपुर जिला अंतर्गत कहलगाँव अनुमंडल में सतत विद्युत आपूर्ति की माँग को लेकर शुक्रवार को हिंसा पर उतारू लोगों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में एक छात्र सहित तीन व्यक्तियों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

गृह विभाग के प्रधान सचिव अफजल अमानुल्लाह ने घटना की निंदा करते हुए मृतक के परिजनों को एक-एक लाख रुपए की अनुग्रह राशि दिए जाने तथा सरकारी खर्च पर घायलों का इलाज कराए जाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि सरकार और जनता के बीच कोई मतभेद नहीं है। अमानुल्लाह की इस घोषणा से प्रदर्शनकारी संतुष्ट नहीं हैं और बिजली कटौती खत्म कर कहलगाँव को निर्बाध बिजली आपूर्ति की माँग पर अड़े हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि कहलगाँव में एनटीपीसी की 840 मेगावाट की थर्मल पॉवर इकाई के रहते यहाँ मात्र चार से पाँच घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है, जबकि 25 मेगावाट बिजली आपूर्ति की आवश्यकता है। यहाँ निर्बाध बिजली की आपूर्ति की माँग को लेकर लोग कल से आंदोलन कर रहे हैं।

सिटीजन एक्शन फोरम के बैनर तले कल पार्क चौक पर शुरू हुआ प्रदर्शन उस समय पूरे शहर में फैल गया, जब प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस फायरिंग में सुमित कुमार (16) नामक एक छात्र की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति बुरी तरह जख्मी हो गया।

घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पटना मेडिकल कालेज अस्पताल स्थानांतरित किया गया था और आज इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, लेकिन इसके हाथ पर शुबल शब्द गुदा हुआ है।

आज सुबह प्रदर्शनकारी फिर सड़कों पर उतर आए और कहलगाँव के पार्क चौक निबंधन कार्यालय के समीप काजीपुरा और पठानपुरा इलाके में जगह-जगह पर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने पठानपुरा मोहल्ला पहुँची पुलिस टीम पर लोगों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।

पुलिस की इस गोलीबारी में मोहम्मद खैरो (18) नामक एक युवक की मौत हो गई, जबकि मोहम्मद असलम नामक युवक जख्मी हो गया। मरने वाला युवक काजीपुर मोहल्ला का है, जबकि घायल युवक पठानपुरा का बताया जाता है।

आक्रोशित लोगों ने स्थानीय सरकारी अस्पताल में भी आग लगा दी जिससे फर्नीचर, कागजात और जनरेटर जलकर राख हो गया। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल परिसर में मौजूद मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी की जीप और एम्बुलेंस में भी आग लगा दी और मृतक के शव को प्रधान चौक के समीप सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

आज आक्रोशित लोगों द्वारा किए गए पथराव में आज एक पुलिसकर्मी की भी घायल होने की सूचना है। मोहर्रम के मौके पर अल्पसंख्यक युवक की मौत से इस समुदाय के लोगों में तनाव व्याप्त है।
और भी
विदेशी पर्यटक के साथ बलात्कार
जयपुर में गुर्जरों का महापड़ाव स्थगित
बर्ड फ्लू की स्थिति में सुधार-मंत्री
आमरण अनशन पर बैठेंगे बैंसला
राजस्थान में भी आतंकवादी हलचल!
बर्ड फ्लू को लेकर छत्तीसगढ़ में एहतियात