राजस्थान गुर्जर आरक्षण संयुक्त संघर्ष समिति ने जयपुर में 21 जनवरी को प्रस्तावित महापड़ाव स्थगित कर दिया है।
समिति के अध्यक्ष बर्खास्त भाजपा विधायक प्रहलाद गुंजल ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की तरफ से भरतपुर के सांसद विश्वेन्द्रसिंह ने समिति के पदाधिकारी अतरसिंह भड़ाना से बातचीत कर दस दिन में समस्या का समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।
गुंजल ने कहा कि तय समय में राजस्थान सरकार ने समाधान नहीं किया तो जाट गुर्जरों के साथ सड़कों पर उतरेंगे।
गौरतलब है कि गुंजल ने गुर्जर समुदाय को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने की सिफारिश केन्द्र सरकार को भेजे जाने की माँग को लेकर 21 जनवरी को जयपुर में महापड़ाव डालने की घोषणा की थी।
|