पश्चिम बंगाल के पशुधन मंत्री अनीसुर रहमान ने शनिवार को कहा कि राज्य में बर्ड फ्लू की स्थिति में कुल मिलाकर सुधार के संकेत मिले हैं। उधर पड़ोसी राज्य मेघालय ने इस घटना के बाद अपने यहाँ के मुर्गों के रक्त के नमूने जाँच के लिए भेजे हैं जबकि झारखंड के भी पश्चिम बंगाल से सटे जिलों पाकुड़ और जामताड़ा में मुर्गी पालन केंद्रों की जाँच और मुर्गों के रक्त के नमूने एकत्रित किए जा रहे हैं।
बर्ड फ्लू प्रभावित बीरभूम जिले में स्थिति की समीक्षा करने के बाद बातचीत में रहमान ने कहा कि राज्य ने एक हफ्ते के भीतर चार लाख मुर्गे-मुर्गियों को मारने का लक्ष्य रखा है। इनमें से 60 से 70 हजार मुर्गे-मुर्गियों पहले ही मारे जा चुके हैं।
ग्रामीणों को खाली हाथ मृत मुर्गे-मुर्गियों को नहीं ले जाने को कहा गया है। प्रशिक्षित स्वयंसेवक दाताना और नकाब पहनकर मृत मुर्गे-मुर्गियों को ले जाएँगे। विभिन्न गाँवों में ग्रामीण ने मृत पक्षियों को हाथ से उठाकर तालाब में फेंक दिया। इससे विषाणु के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
मंत्री बीरभूम जिले में इस बीमारी का केंद्र कहे जा रहे मरग्राम और मुर्शिदाबाद जिले का आज दौरा करेंगे।
|