बिहार के भागलपुर जिला अंतर्गत कहलगाँव अनुमंडल में शुक्रवार को विद्युत आपूर्ति की माँग कर रहे प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि अन्य कई गंभीर रूप से घायल हो गए। एक टीवी चैनल के मुताबिक गोलीबारी में दो लोगों की मौत हुई है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विद्युत आपूर्ति की माँग को लेकर अनुमंडल के विभिन्न इलाकों में सुबह होते ही लोग सड़कों पर उतर आए और जगह-जगह जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि सिटीजन एक्शन फोरम के अध्यक्ष सुनील पासवान के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे इन लोगों ने शहर के रेलवे स्टेशन के प्रधान चौक, घोघा और मुड़कटिया चौक के समीप सबसे अधिक उत्पात मचाया और इन लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले तो लाठीचार्ज और आँसू गैस के गोले छोड़े। आक्रोशित भीड़ द्वारा जारी पथराव में पुलिस उपाधीक्षक डीएन झा सहित सात पुलिसकर्मी घायल हो गए। अनियंत्रित होती भीड़ को काबू में करने के लिए बाद में पुलिस को हवा में गोलियाँ चलानी पड़ीं जिसकी चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत होने और एक अन्य के बुरी तरह जख्मी होने की सूचना है।
|