महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने एक फिल्म के सेट पर टहल रहे व्यक्ति को थप्पड़ मारने वाले अभिनेता और सांसद गोविंदा के खिलाफ कार्रवाई की माँग की है।
राज ठाकरे नीत पार्टी के उपाध्यक्ष वागीश सारस्वत ने लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी को लिखे पत्र में कहा है कि गोविंदा कानून हाथ में कैसे ले सकते हैं जबकि वे खुद एक सांसद हैं।
पत्र के अनुसार पुलिस को मामले में कोई शिकायत न होने के बावजूद अपने आप संज्ञान लेते हुए सांसद के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए क्योंकि थप्पड़ वाले दृश्य का टीवी पर बाकायदा प्रसारण किया गया और अखबारों में इसकी खबरें छपी हैं।
पत्र में गोविंदा पर अपने लोकसभा क्षेत्र उत्तरी मुंबई की उपेक्षा करने का भी आरोप लगाया गया है और कहा गया है कि सांसद बनने के बाद वह 26 जुलाई, 2005 की बाढ़ और 11 जुलाई, 2007 के बम विस्फोटों के समय भी अपने लोकसभा क्षेत्र में नहीं दिखे जबकि दोनों आपदाओं के काफी पीड़ित इस क्षेत्र से थे।
|