गोवा में प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राज्यपाल एससी जमीर और मुख्यमंत्री दिगंबर कामत कथित तौर पर राज्य की आकस्मिक निधि बढ़ाने का अध्यादेश जारी कराने और विधानसभा चुनावों से बचने के लिए सवैंधानिक रूप से धोखाधड़ी कर रहे हैं।
विपक्ष के नेता मनोहर पर्रीकर ने बताया कि मुझे विश्वस्त जानकारी मिली है कि राज्य सरकार सदन में अनुपूरक माँगों को पारित कराने में असफल रही है इसलिए उसने आकस्मिक निधि को 30 करोड़ से बढ़ाकर 600 करोड़ रुपए कर दिया है। यह संवैधानिक रूप से धोखाधड़ी है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा के स्थगन और उसके बाद निलंबन के परिणामस्वरूप 248 करोड़ रुपए की अनुपूरक माँगें सदन में पारित नहीं हुई हैं। पर्रीकर ने कहा कि जब अनुपूरक माँगें 248 करोड़ रुपए थीं तो उनको 600 करोड़ रुपए की क्या जरूरत है।
भाजपा नेता ने संदेह जताया कि इतने अधिक धन के आवंटन का इस्तेमाल सरकारी खजाने को लूटने के तौर किया जाएगा।
|