पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में भड़की ताजा हिंसा में माकपा कार्यकर्ताओं ने भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति के सदस्यों के आठ घरों में गुरुवार रात आग लगा दी।
नंदीग्राम थाना प्रभारी देबाशीष चक्रवर्ती ने इस घटना की पुष्टि की है। तृणमूल कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष महादेव बाग ने बताया कि माकपा कार्यकर्ताओं ने एक दिन पूर्व उनके पार्टी कार्यकर्ताओं की पिटाई की थी, जिसकी घायल कार्यकर्ताओं ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने कहा कि इस शिकायत से नाराज होकर माकपा कार्यकर्ताओं ने बदले की कार्रवाई में घरों में आग लगाई। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। बहरहाल घटना से पूरे इलाके में तनाव है।
इस बीच यहाँ के राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी की बेरुखी के कारण नंदीग्राम आंदोलन की अगुवाई कर रहे एगरा से पार्टी विधायक शिशिर अधिकारी और कोंताल के विधायक शुभेन्दु तृणमूल को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
शिशिर अधिकारी ने इस सबंध में अपना फैसला सुनाए जाने के वास्ते रविवार को एगरा में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है।
|