भारी हिमपात से सड़क और वायु यातायात बाधित होने के कारण कश्मीर घाटी का देश के दूसरे हिस्सों से लगातार दूसरे दिन संपर्क कटा रहा।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कश्मीर को देश के अन्य भागों से जोड़ने वाले एकमात्र राष्ट्रीय राजमार्ग पर 300 किलोमीटर लंबा मार्ग अवरुद्ध है और भारी हिमपात को देखते हुए बतौर एहतियात कश्मीर घाटी के प्रवेश द्वार जवाहर सुरंग को बंद कर दिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि बुधवार को शुरू हुए हिमपात से जवाहर सुरंग की सड़क बर्फ से ढक गई है। उन्होंने कहा कि एहतियाती कदम के रूप में किसी भी वाहन को जम्मू क्षेत्र के काजीगंड और उधमपुर से गुजरने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि श्रीनगर और देश के अन्य भागों के बीच हवाई यातायात स्थगित कर दिया गया है। आज के खराब मौसम के कारण श्रीनगर पहुँचने वाले एक विशेष हज यात्रा विमान समेत चार उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।
इससे पहले कल केवल दो उड़ानों का संचालन हो पाया था जबकि श्रीनगर आने वाली दस अन्य उड़ानों को स्थगित कर दिया गया था। सूत्रों के मुताबिक घाटी के सभी हिस्सों में भारी हिमपात जारी है।
|