बिहार के तिरहुत क्षेत्र की जनता को अब अपनी फरियाद सुनाने के लिए दर-दर की ठोकरें नहीं खानी पड़ेंगी, बल्कि अब उनकी फरियाद किसी भी समय सुनी जाएगी और इसके लिए अब पुलिस अधिकारियों के कार्यालय और आवास के समक्ष विशेष कॉलबेल लगाए जाएँगे।
तिरहुत प्रक्षेत्र के आरक्षी उपमहानिरीक्षक अरविंद पाण्डेय ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए प्रक्षेत्र के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के कार्यालय तथा आवास के बाहर एक विशेष कालबेल लगाने का आदेश दिया है।
पाण्डेय ने अपने आदेश में कहा है कि फरियाद लेकर आए व्यक्ति द्वारा कॉलबेल बजाने पर उसकी समस्याओं को सुनने और समाधान करने के लिए पदाधिकारी या पुलिसकर्मी नियुक्त किए जाएँ।
इस संबंध में अरविंद पाण्डेय ने बताया कि मुख्यमंत्री के जनता दरबार कार्यक्रम में तिरहुत प्रक्षेत्र के लोगों ने मिलकर भारी संख्या में अपनी समस्याओं से संबंधित मामलों के समाधान के लिए आवेदन दिए हैं, जिसके त्वरित निष्पादन के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (विधि व्यवस्था) ने आदेश दिया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की जनता दरबार में मुजफ्फरपुर जिला से 211, सीतामढ़ी जिला से 57 और वैशाली जिला से 292 आम नागरिकों द्वारा दिए गए इस तरह के आवेदनों का निष्पादन किया जाना है।
पाण्डेय ने बताया कि ये मामले मुख्यमंत्री के जनता दरबार तक इसलिए पहुँच रहे हैं, क्योंकि ऐसी शिकायात मिली है कि थाना प्रभारियों सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध नहीं रहते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी भी सूचना मिली हैं कि थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों से मिलने गए फरियादियों को आदेशपाल या ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी मिलने नहीं देते।
|