अपने मोहल्ले में कथित बढ़ती आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर बिहार में प्रमुख विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के सांसद रामकृपाल यादव अपने मुहल्ले की पहरेदार टोली के साथ रात में इन दिनों पहरेदारी के लिए निकलते हैं।
यादव ने गुरुवार को बताया कि बिहार की वर्तमान राजग सरकार के दौरान खराब विधि व्यवस्था के कारण प्रदेश की राजधानी पटना सहित पूरे राज्य में आपराधिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है और इसका असर उनके मोहल्ले गोरियाटोली पर भी पड़ा है।
उन्होंने बताया कि उनके मोहल्ले में अपराधियों की बढ़ती गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए एक पहरेदार टोली का गठन किया है और इस टोली के साथ वह स्वयं भी रात में पहरेदारी के लिए निकलते हैं।
पटना लोकसभा क्षेत्र से निर्वाचित सांसद रामकृपाल यादव ने बताया कि पहरेदारी के दौरान बीती रात उन्होंने एक चोर को रिवाल्वर के साथ पकड़ा, जिसे आज सुबह पुलिस के हवाले कर दिया गया।
|