आईआईटी के पूर्व छात्र अब कानपुर के लोगों को शिक्षा का महत्व समझाने के लिए शैक्षिक जागरूकता शिविर लगाएँगे। 'तालीम ही ताकत है' इस नारे के साथ लगने वाले शिविर आगामी 20 जनवरी को शहर के विभिन्न स्थानों पर लगेंगे।
आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्रों के संगठन भारत पुर्ननिर्माण दल के अध्यक्ष ओभेन्द्र भारत ने गुरुवार को पीटीआई को बताया कि शहर में लोग शिक्षा के प्रति अधिक जागरूक नहीं है इसलिए हमने लोगों को जागरूक करने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर ऐसे कैम्प लगाने का फैसला किया है।
उन्होंने बताया कि इन कैम्पों में आईआईटी के इस समय के टापर छात्रों को भी शामिल करने का फैसला किया गया है ताकि आम छात्र इन आईआईटी टापर छात्रों को अपना रोल माडल मानकर इनकी तरह बनने के लिए कड़ी मेहनत शुरू कर दे।
ओभेन्द्र के अनुसार 20 जनवरी को शहर में लगने वाले इस जागरूकता शिविर के लिए आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रैलियाँ व जुलूस निकाले जाएँगे।
|