कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने बुधवार को उत्तरप्रदेश के विभाजन को राज्य के विकास के हित में बताते हुए इसका समर्थन किया। मुख्यमंत्री मायावती मंगलवार को ही उत्तरप्रदेश का तीन छोटे राज्यों में विभाजन की बात कर चुकी हैं, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए गेंद केन्द्र के पाले में डाल दी है कि इस मामले में फैसला केन्द्र सरकार को ही करना है।
बुंदेलखंड के दौरे पर आए कांग्रेस महासचिव राहुल गाँधी ने कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से यह महसूस करता हूँ कि प्रशासन की दृष्टि से यह राज्य बहुत बड़ा है। छोटे राज्य से फायदा होगा।
उन्होंने कहा कि लेकिन यह कैसे किया जाना है, इस पर विचार करना होगा। राहुल गाँधी ने हालाँकि इस बारे में कोई विस्तृत चर्चा नहीं की।
बसपा नेता और मुख्यमंत्री मायावती ने कल कहा था कि उत्तरप्रदेश को पूर्वांचल, बुंदेलखंड और पश्चिमी प्रदेश तीन छोटे-छोटे राज्यों में बाँट दिया जाना चाहिए।
|