मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
बड़ा बाजार में मीडिया पर हमला
बड़ा बाजार की इमारत में लगी आग की कवरेज कर रहे कई पत्रकार उस समय घायल हो गए जब कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया और कई ओबी वैन तथा कैमरों को तोड़ दिया।

इस घटना में बंगाली चैनल कोलकाता टीवी और एनई टीवी के संवाददाता बुरी तरह घायल हुए जबकि अन्य पत्रकार मामूली रूप से घायल हुए हैं। हमलावरों ने स्वयंसेवियों के कपड़े पहन रखे थे और बैज लगा रखे थे।

उन्होंने एनडीटीवी, टीवी टुडे, टाइम्स नाऊ और सहारा समय की ओबी वैनों को निशाना बनाया और बंगाली चैनल 24 घंटे के कैमरों को तोड़ दिया। हमलावर आरोप लगा रहे थे कि मीडिया व्यापारियों को आग से हुए नुकसान को प्रमुख रूप से नहीं उठा रहा है।

पुलिस सूत्रों ने कहा हमलावरों ने बैज लगा रखे थे, जिससे वे स्वयंसेवी नजर आ रहे थे। हमें नहीं पता कि वे किस संगठन की ओर से स्वयंसेवा कर रहे थे। ऐसे माहौल में कुछ असामाजिक तत्व हो सकते हैं।

रैपिड एक्शन फोर्स ने बाद में हमलावरों को तितर-बितर कर दिया और पत्रकारों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर रवाना हो गए हैं।

इस बीच बड़ा बाजार की नंदराम मार्केट इमारत में लगी आग आज तीसरे दिन भी जारी रही जिससे स्थानीय निवासी और दुकानदार अग्निशमन अभियान से क्षुब्ध नजर आए।

इमारत के कुछ तलों से अब भी आग की लपटें निकल रही हैं। इस इमारत के ढहने के कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन घटनास्थल का जायजा लेने वाले इंजीनियरों के अनुसार यह तत्काल नहीं ढहेगी।

शहर के पुलिस प्रमुख गौतम मोहन चक्रवर्ती ने कहा कि इमारत के कुछ तलों से अब भी आग की लपटें निकल रही हैं, लेकिन उम्मीद है कि सेना और अग्निशमनकर्मी आज इस पर काबू पा लेंगे।

दूसरी ओर अग्निशमन के सूत्रों ने कहा कि पानी की कमी की कोई समस्या नहीं है, लेकिन आग से पैदा हुई गर्मी के कारण पानी वाष्प बनकर उड़ जाता है, जिससे बौछारें प्रभावी साबित नहीं हो रही हैं।
और भी
विमान यात्री से 30 लाख रुपए बरामद
सिलेंडर फटने से दो की मौत
बड़ा बाजार की आग अब भी बेकाबू
मुंबई के सर्जन पर छेड़छाड़ का आरोप
सैकड़ों लोगों ने 'शिवधर्म' अपनाया
गुवाहाटी में अंतरराष्ट्रीय रामायण सम्मेलन