शनिवार को तड़के यहाँ विशाल थोक बाजार (बड़ा बाजार) में लगी आग की वजह से अब तक लगभग 3000 दुकानें जलकर राख हो चुकी हैं लेकिन दमकलकर्मी अभी तक इस बाजार में स्थित तेरह मंजिले नंदराम मार्केट भवन के आग पर काबू नहीं पा सके हैं।
पुलिस आयुक्त गौतम मोहन चक्रवर्ती ने बताया कि नंदराम मार्केट भवन में दरारें पड़ गई हैं और यह भवन बायीं ओर झुक गया है और अभी भी इस भवन की ऊपरी मंजिलों से आग की लपटें निकलती दिखाई पड़ रही हैं।
चक्रवर्ती ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सेना और दमकल विभाग के कर्मी दिन चढ़ने के साथ आग पर काबू पा लेंगे। उन्होंने कहा कि आग की वजह से भयंकर गर्मी है। उस स्थान पर और आग की लपटों पर पानी डालने की वजह से आग इधर-उधर फैलती जा रही है।
उन्होंने कहा कि आग पर नियंत्रण पाने के लिए पानी की अविराम आपूर्ति की जरूरत है। उन्होंने आग पर झाग छिड़के जाने के विचार को सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि आसपास पेट्रोल उत्पाद स्टोर होने की स्थिति में झाग के इस्तेमाल की गुंजाइश नही है।
उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर मौजूद इंजीनियरों का मानना है कि तत्काल इस भवन के गिरने की संभवाना नहीं है, लेकिन इस भवन के इर्दगिर्द रहने वाले लोगों को अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर ले जाने की व्यवस्था की गई है।
चक्रवर्ती ने कहा कि नंदराम मार्केट भवन की 13वीं मंजिल के जेनरेटर रूम में लगी आग और उसके बाद वहाँ रखे हुए डीजल की वजह से हुए विस्फोट के कराण स्थिति काबू से बाहर हो गई है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि रात में और विस्फोट होने की कोई सूचना नहीं मिली है। बड़ा बाजार आने वाले सभी सड़क मार्गों को बंद कर दिया गया है। सेना, वायुसेना और दमकल विभाग की 50 गाड़ियाँ आग बुझाने के काम में लगी हुई हैं।
|