इंदौर जिले का संवेदनशील कस्बा साँवेर रविवार को दो गुटों में हुई हिंसक झड़प के बाद फिर तनाव की चपेट में आ गया। पुलिस सूत्रों ने कहा कि फलों का ठेला लगाने पर दो लोगों के बीच हुई बहस देखते ही देखते झड़प में बदल गई, इसमें दो लोग घायल हो गए। इसके बाद कस्बे में भगदड़ मची और चंद ही पलों के भीतर दुकानें बंद हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुँचकर हालात काबू करने में जुट गए। पुलिस ने हलका बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने उपद्रव के सिलसिले में अयाज खान नामक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार अन्य लोगों को चिन्हित करके उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
|