जन्मदिन पर समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं से 'नकदी और उपहार' लेकर उससे निजी संपत्ति बनाने के लिए प्रतिपक्षी दलों के हमले से अविचलित बसपा सुप्रीमो और उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने शनिवार को अपने समर्थकों और पार्टीजनों से पुन: अपील की कि वे उनके जन्मदिन पर पार्टी को आर्थिक सहयोग दें और समाज के वंचितों और बेसहारा लोगों के लिए कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करें।
मायावती ने बताया कि उन्होंने उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे उनके जन्मदिन 15 जनवरी को पार्टी को आर्थिक सहयोग देने के साथ ही समाज के बुजुर्गों, विधवाओं और प्रतिभाशाली गरीब छात्रों के लिए कल्याणकारी कार्यक्रम के रूप में सादगीपूर्वक मनाएँ।
उन्होंने कहा कि समाज के वंचितों, बेसहारा विधवाओं एवं बुजुर्गों तथा प्रतिभाशाली छात्रों की मदद ही उनके जन्मदिन पर उनके लिए सबसे कीमती तोहफा होगा।
मायावती ने बताया कि इस अवसर पर वे दिल्ली में अपनी पुस्तक 'मेरा संघर्षमय जीवन और बसपा का सफरनामा खंड-3' का विमोचन करेंगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि वे अपने 52वें जन्मदिन पर प्रदेश की जनता के लिए खास तोहफों की घोषणा करेंगी, जिसकी जानकारी 15 जनवरी को ही दी जाएगी।
|