मध्य कोलकाता में देश के सबसे बड़े थोक बाजार कहे जाने वाले बड़ा बाजार में शनिवार तड़के भीषण आग लगी जिसमें 2500 से अधिक दुकानें तथा कुछ मकान जलकर स्वाहा हो गए। इसके कारण अनेक लोगों को बेघर होना पड़ा। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन आग में फँसे तीन लोगों को बचा लिया गया है। दमकल विभाग के सूत्रों ने बताया कि बाजार में लगी इस आग में करोड़ों रुपए की संपत्ति जलकर स्वाहा हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि 14 घंटे बाद भी कुछ स्थानों पर आग अब भी धधक रही है। हालाँकि जमनालाल बजाज स्ट्रीट स्थित उस मकान में आग पर काबू कर लिया गया है, जहाँ से आग लगी थी और जल्द ही अन्य इमारतों तक फैल गई थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है।
समाचार लिखे जाने तक खिड़कियों से आग की लपटें और धुएँ का गुबार निकल रहा था। आग पर काबू करने के लिए 500 दमकलकर्मियों और 40 दमकलों को लगाया गया। अधिकारियों ने बताया कि कुछ दमकलकर्मी भी घायल हुए। रक्षा सूत्रों ने बताया कि राज्य सरकार के अनुरोध पर सेना और वायुसेना के दो दमकलों को भी इस काम में लगाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि ज्वलनशील प्लास्टिक, पॉलिथीन थैलियों, कपड़े, चमड़े तारपुलिन, कंबल, गैस सिलेंडर की वजह से जल्द ही आग बड़ा बाजार में फैल गई। पश्चिम बंगाल सरकार के अग्नि मंत्री प्रतिम चटर्जी ने बताया कि आग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग जमनालाल बजाज स्ट्रीट में स्थित एक घर में तड़के दो बजे शुरू हुई और जल्दी ही यह पास की दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फैल गई। फायर ब्रिगेड सूत्रों के अनुसार तेज हवा चलने के कारण आग 13 मंजिले नारायण मार्केट में फैल गई। इसके बाद इसने पास की त्रिपाल पट्टी को भी अपनी चपेट में ले लिया।
कोलकाता पुलिस के आयुक्त गौतम चक्रवर्ती अग्नि मंत्री के साथ घटनास्थल पहुँचे। स्थानीय सांसद सुधांशु सिल ने भी क्षेत्र का दौरा किया। उल्लेखनीय है कि बड़ा बाजार इलाके में पहले भी कई बार आग लगने की घटनाएँ हो चुकी हैं।
|