फिल्म 'ओम शांति ओम' में अपनी बेहतर अदाकारी के दम पर दर्शकों के दिलों में खास पहचान बनाने वाली दीपिका पादुकोण के पास अभी शैक्षणिक योग्यता का तमगा नहीं है और वह इंदिरा गाँधी मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) से बीए कर रही हैं।
21 वर्षीय इस उभरती अदाकारा की सामाजिक और आर्थिक मामलों में खासी रुचि है और उनकी यह पसंद उनके द्वारा चुने गए विषयों से भी झलकती है।
इग्नू के रजिस्ट्रार श्रीकांत महापात्र ने बताया कि दीपिका ने 2005 में स्नातक शिक्षा में प्रवेश लिया था। समाजशास्त्र और अर्थशास्त्र उनके वैकल्पिक विषय हैं।
बेंगलुरू से स्कूली शिक्षा हासिल करने वाली दीपिका माडलिंग में अपना करियर बनाने के लिए मुंबई चली गई थी। महापात्र ने कहा दीपिका ने 2006 में बीए प्रथम वर्ष में पाँच पेपर दिए थे, जिनमें उसने बेहतर प्रदर्शन किया। अपने पाठ्यक्रम के दौरान दीपिका कुल 1200 अंकों के 13 पेपर देगी।
समाजशास्त्र के तहत दीपिका सामाजिक अध्ययन, भारतीय समाज, सामाजिक विचार, समाज और स्तरण समाज एवं धर्म तथा भारत में सामाजिक समस्याएँ विषयों की परीक्षा देगी।
अर्थशास्त्र के तहत वह अर्थशास्त्र के आधारभूत तत्व और भारत में कृषि विकास विषयों की परीक्षा देगी। समाजशास्त्र और अर्थशास्त्र से अलग दीपिका ने सैद्धांतिक पाठ्यक्रम के रूप में पोषाहार और बच्चों की देखरेख जैसे विषय लिए हैं।
इग्नू की ओर से उसे तीन साल की पूरी पाठ्य सामग्री उपलब्ध करा दी गयी है। दीपिका ने अपने करियर में व्यस्तता के चलते दूरस्थ शिक्षा पद्धति को अपनाया है।
महापात्र ने कहा दूरस्थ शिक्षा पद्धति में काफी आसानी रहती है। आपको किसी कक्षा में उपस्थित होने की जरूरत नहीं पड़ती और न ही आपको एक बार में सभी परीक्षाएं पास करनी होती है।
|