बॉलीवुड के प्रख्यात अभिनेता अमिताभ बच्चन ने शुक्रवार सुबह वाराणसी में अपनी माँ तेजी बच्चन की अस्थियों को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा में विसर्जित किया।
विसर्जन संस्कार में अमिताभ के छोटे भाई अजिताभ, पुत्र अभिषेक, पुत्रवधू ऐश्वर्या, पत्नी जया एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ समाजवादी पार्टी के सांसद अमरसिंह ने भाग लिया।
अमिताभ गुरुवार शाम ही अपने परिवार एवं अन्य पारिवारिक मित्रों के साथ इलाहाबाद से वाराणसी आ गए थे।
सुबह छह बजे अमिताभ अपने परिवार एवं पारिवारिक मित्रों के साथ वाराणसी के दशाश्मेघ घाट पहुँचे। घाट पर आध्यात्मिक मार्गदर्शक एवं काशी के विद्वान डॉ. चन्द्रमौलि उपाध्याय के नेतृत्व में श्रीधर पांडेय एवं चन्द्रकांत तिवारी ने पूजन कराया।
पूजन के बाद अमिताभ ने पूरे परिवार के साथ अस्थि कलश लेकर पहले से ही तैयार बजडा (मोटर वोट) पर सवार होकर महाश्मशान मणिकर्णिका के सामने गंगा के मध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अस्थियों का विसर्जन किया।
|