उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने विकास के लिए पैकेज दिए जाने तथा खाद आपूर्ति के मसले को लेकर केन्द्र की संप्रग सरकार पर बुधवार को निशाना साधते हुए कहा कि गंगा हाई-वे एक्सप्रेस योजना पर अगले माह जनवरी से कार्य आरम्भ हो जाएगा। बलिया लोकसभा उपचुनाव में दलीय उम्मीदवाद विनय शंकर तिवारी के समर्थन में बुधवार को एक विशाल चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मायावती ने उत्तरप्रदेश की खस्ता आर्थिक स्थिति कर्ज तथा पिछड़ेपन को लेकर कांग्रेस भाजपा व सपा की तीखी आलोचना की।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के 60 वर्षों में सर्वाधिक 38 वर्ष से अधिक कांग्रेस सात वर्ष सपा तथा छह वर्ष भाजपा ने उत्तरप्रदेश में शासन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी गलत नीतियों से इन दलों ने उत्तरप्रदेश को विकास कानून व्यवस्था के मामले मे फिसड्डी बनाने के साथ ही काफी कर्जदार बना दिया है। विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओ को राजनीतिक पूर्वाग्रहवश प्रताड़ित करने के आरोपों का मुख्यमंत्री ने जोरदार खंडन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बसपा सरकार बदले की भावना से कोई गलत कार्य नहीं करती। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि बसपा सरकार अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है। मायावती ने सपा का नाम लिए बगैर कहा कि विपक्षी दलों में ज्यादातर आपराधिक छवि के हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बसपा सरकार अपराधियों पर उनके जाति, धर्म व प्रभाव को देखकर नहीं बल्कि उनकी आपराधिक गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने मीडिया पर भी असहयोग करने तथा सरकार विरोधी साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि सूबे में 80 फीसदी आपराधिक घटनाएँ आपसी दुश्मनी के कारण हो रही हैं। उन्होंने पुलिस से छोटे से छोटे मामले की भी प्राथमिकी दर्ज करने को कहा।
उन्होंने इसके साथ ही जोड़ा कि पुलिस के कार्यों की समीक्षा दर्ज प्राथमिकी की संख्या के आधार पर नहीं बल्कि अपराधों के प्रति उनकी कार्रवाई के आधार पर होगी।
प्रदेश के विकास के प्रति संकल्प दोहराते हुए मुख्यमंत्री मायावती ने सफाई दी कि केन्द्र सरकार व विश्व बैक का अरबों का कर्जदार होने तथा खराब आर्थिक स्थिति के कारण वह तीव्रगति से प्रदेश का विकास नहीं कर सकतीं। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर सरकार चरणबद्ध तरीके से विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि सर्वाधिक पिछडे़ पूर्वांचल व बुंदेलखंड के विकास के साथ ही बिजली पानी सड़क चिकित्सा तथा रोजगार मुहैया कराने का कार्य सरकार पूरे मनोयोग से कर रही है। मायावती ने स्पष्ट किया कि उत्तरप्रदेश की तस्वीर बदलने में बसपा सरकार को लम्बा समय लग सकता है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए प्रदेश सरकार ने संप्रग सरकार से 80 हजार करोड़ रुपए के विशेष पैकेज की माँग की है लेकिन संप्रग सरकार ने उत्तरप्रदेश की माँग पर अभी तक कोई आर्थिक मदद मुहैया नहीं कराई है। मायावती ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राइवेट सेक्टर के जरिए विकास करेगी। उन्होंने इस संबंध में गंगा हाई-वे एक्सप्रेस योजना का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने गंगा हाई-वे एक्सप्रेस योजना पर जनवरी माह में कार्यारंभ होने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि सरकार निजी क्षेत्र को विशेष रियायत देकर पिछड़े क्षेत्रों को विकसित कराएगी तथा रोजगार के साधन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बसपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि सरकारी संस्थानों को निजी क्षेत्र को देकर भाजपा व कांग्रेस की सरकारें पिछड़े व अनुसूचित वर्ग के आरक्षण के अधिकार पर कुठाराघात कर रही हैं। उन्होंने भाजपा व कांग्रेस पर आरक्षण खत्म करने की साजिश का भी आरोप लगाया और घोषणा की कि केन्द्र में बसपा की सरकार बनी तो निजी क्षेत्र में आरक्षण का प्राविधान लागू कर दिया जाएगा। साथ ही ऊँचे वर्ग के गरीबों को भी आरक्षण की सुविधा देने का ऐलान किया। उन्होंने देश में बढ़ती आतंकी गतिविधियों के लिए भी संप्रग सरकार को ही जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने 45 मिनट के भाषण में बसपा को सर्वसमाज की पार्टी करार दिया तथा जोर देकर कहा कि उप्र में अन्याय भ्रष्टाचार व भय का खात्मा तथा विकास के वातावरण का सृजन बसपा के जरिए ही संभव है।
|