रेगिस्तान, अरावली श्रृंखलाओं, झरोंखों, हवेलियों और बावड़ियों के लिए विख्यात रंग-रंगीला राजस्थान तेजी से फिल्म निर्माताओं एवं फिल्म कलाकारों का पसंदीदा प्रदेश बनता जा रहा है।
गुजरते वर्ष में जहाँ राज्य में एक ओर अभिषेक बच्चन समेत नामी गिरामी कलाकारों की फिल्म शूटिंग के कार्यक्रम के कारण हलचल रही तो दूसरी तरफ बडे़ पर्दे के दिग्गज अभिनेताओं के अदालतों में चक्कर और शिकार प्रकरण में अभिनेता सलमान खान का जेल जाना भी चर्चा में रहा।
अभिनेता से नेता बने बीकानेर के भाजपा सांसद धर्मेन्द्र अपने मतदाताओं की खोज खबर लेने में जुटे रहे। राजस्थान इन दिनों विज्ञापन फिल्मों के लिए अपनी पहचान बनाने की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है।
अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय जयपुर में फिल्म 'उमराव जान' की शूटिंग के दौरान ही करीब आए और इस साल दांपत्य सूत्र में बँध गए। राजस्थान में बेहतरीन हवेलियाँ, किले, रेगिस्तान एवं आउट डोर लोकेशन होने के कारण फिल्म निर्माता और कलाकारों का राजस्थान की ओर रूझान होना भी लाजिमी है। यही कारण है कि राजस्थान में पूरे साल किसी न किसी फिल्म की शूटिंग चलती रहती है।
फिल्म 'हम साथ साथ हैं' की जोधपुर में शूटिंग के दौरान अभिनेता सलमान खान द्वारा संरक्षित काले हिरणों के शिकार प्रकरण में फँसे सलमान खान को अभी तक मुक्ति नहीं मिली है। एक मामले में सजा की अपील खारिज होने के बाद सलमान खान को जोधपुर के केन्द्रीय कारागार दो दिन बंद रहना पड़ा। फिलहाल इस प्रकरण में सलमान खान जमानत पर हैं।
एक कार्यक्रम में हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गेर द्वारा खुले आम शिल्पा का चुम्बन लिए जाने को भारतीय संस्कृति के प्रतिकूल बताते हुए जयपुर के एक व्यक्ति ने रिचर्ड और शिल्पा के खिलाफ अदालत में मामला दायर किया। अदालत ने सुनवाई के बाद रिचर्ड और शिल्पा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर उन्हें तलब किया।
गुजरते साल सूर्यनगरी में हॉलीवुड अभिनेत्री लिज हर्ले और अरूण नायर की शादी से पूर्व कुचामन फोर्ट में शानदार पार्टी हुई। पूर्व विश्व सुन्दरी अभिनेत्री ऐश्वर्या राय ने शादी से पूर्व सूफी सन्त ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह में मन्नत माँगी और विश्व के एकमात्र ब्रह्मा मन्दिर में पूजा अर्चना की।
पुष्कर में पूजा अर्चना के समय ऐश्वर्या के सुरक्षाकर्मी द्वारा शराब के नशे में होने के कारण पंडितों ने हंगामा कर दिया। सुरक्षाकर्मी द्वारा माफी माँगने के बाद ही हंगामा शान्त हुआ।
ऐश्वर्या राय ने अभिषेक बच्चन के साथ जीवन डोर में बंधने से पूर्व राजस्थान के ही सोजत से मँगवाई मेहन्दी रचाकर अपने साजन के घर पर कदम रखा। ऐश के लिए विशेष रूप से सोजत से कई किस्मों की मेहन्दी भेजी गई थी।
पुष्कर में रूपहले पर्दे के खलनायक शक्ति कपूर खलनाय की बताने के चक्कर में पंडितों से घिर गए। अन्तत: वह माफी माँगने के बाद ही पुष्कर से रवाना हो सके।
गायक हिमेश रेशमिया लोगों से पहचान छिपाने के फेर में बुर्का पहनकर सूफी सन्त ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की मजार पर जियारत करने पहुँचे लेकिन खादिमों ने पहचान लिया।
|