नागपुर में रात भर चले जाँच ऑपरेशन में पुलिस ने 32 विदेशियों को गिरफ्तार किया है जिसमें 13 बांग्लादेशी हैं।
पुलिस उपमहानिदेशक (क्षेत्रीय) प्रभात कुमार ने सोमवार को अर्द्धरात्रि से मंगलवार सुबह तक शहर के जारीपटका, गिट्टी खदान, लाकड़गंज और पाँचपावली थाना क्षेत्र में छापा मारकर इन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 15 पुरुष, नौ महिलाएँ और 8 बच्चे शामिल हैं। कुछ बांगलादेशी यहाँ पिछले दस वर्षों से रह रहे हैं और राशनकार्ड, चालक लाइसेंस तक बनवा लिया है जबकि दो लोगों के नाम तो मतदाता सूची तक में आ गए हैं।
कुमार ने बताया कि कुछ बांग्लादेशियों ने स्वीकार किया है कि पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिला के रहवासी हैं और रद्दी बाजार में काम करते हैं, लेकिन किसी का भी आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस गिरफ्तार किए गए सभी लोगों के बारे में जाँच करेगी और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
|