जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में एक मस्जिद में छिपे आतंकवादियों के चंगुल से पाँच में से तीन बंदी बच निकले हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों ने पुलिस का दिया भोजन लाने के लिए तीन बंदियों को भेजा था, जो बाहर आने के बाद मस्जिद में नहीं लौटे। पुलिस महानिदेशक कुलदीप खोड़ा ने कहा कि आतंकवादियों द्वारा बंधक बनाए गए तीन बंदी मस्जिद से बाहर आ गए हैं।
पुलिस महानिरीक्षक एसएम सहाय ने कहा कि मस्जिद में मौजूद शेष बंदियों की रिहाई के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कथित तौर पर हिजबुल मुजाहिदीन के तीन आतंकवादियों ने पाँच नागरिकों को पालनू गाँव की मस्जिद में कल बंधक बना लिया था। आतंकवादी बंदियों की रिहाई के बदले में सुरक्षित रास्ता माँग रहे हैं।
पुलिस ने आतंकवादियों को सुरक्षित रास्ता देने से इनकार कर दिया है और धर्मस्थल के चारों और सुरक्षा कड़ी कर दी है। पुलिस उपमहानिरीक्षक एचके लोहिया ने कहा कि हमारे पास बहुत समय, संसाधन और सुरक्षाकर्मी हैं। हम अनंत काल तक उनका इंतजार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के पास मस्जिद में राशन या बिजली की सुविधा नहीं है।
पुलिस अधिकारी ने कहा मस्जिद की पवित्रता और नागरिकों का जीवन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हम आतंकवादियों के आत्मसमर्पण करने के फैसले का इंतजार करेंगे।
|