तलैया पुलिस ने नकली नोट के एक कारखाने का पर्दाफाश कर चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से छह लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए।
तलैया थाने के पुलिस उपनिरीक्षक के.पी.चंदोरिया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि इब्राहिमपुरा क्षेत्र में एक व्यक्ति नकली नोट लेकर रुका है, जो 20 हजार रुपए के बदले में एक लाख रुपए के नकली नोट देता है।
इस पर एक पुलिस जवान को 20 हजार रुपए देकर भेजा गया तथा जैसे ही उसने असली नोट के बदले नकली नोट दिए, उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
चंदोरिया ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति के पास से डेढ़ लाख रुपए के नकली नोट बरामद किये गये। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान राजा उर्फ आशीष के रुप में की गयी। उन्होंने बताया कि आशीष से पूछताछ के आधार पर बस स्टेंड के निकट ठहरे शोभाराम और अरविंद को गिरफ्तार किया गया।
उन्होने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने यहाँ से लगभग 75 किलोमीटर दूर होशंगाबाद के एक मकान से नकली नोट बनाने की मशीन तथा इसमें इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद कर धीरज राठौर नामक एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल छह लाख रुपए बरामद किए। पुलिस गिरफ्तार व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है।
|