मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
रसोई के कचरे से घर में बनाएँ बायोगैस
केले का छिलका, सब्जियों का कचरा और किचन से निकलने वाली ऐसी ही अन्य चीजों को डस्टबिन में फेंकने से पहले अब दो बार सोच लें, क्योंकि यही वेस्ट आपके लिए बायोगैस तैयार करने का काम कर सकता है।

पुणे स्थित उत्कृष्ट ग्रामीण तकनीकी संस्थान (एआरटीआई) के निदेशक आनंद करवे कहते हैं कि रसोईघरों से निकलने वाले सब्जियों आदि के कचरे से घर में ही बायोगैस तैयार करने का मिनी प्लांट लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है। इससे अपनी जरूरत के अनुसार बायोगैस तैयार की जा सकती है।

इस छोटे से प्लांट के लिए एक हजार घन लीटर के दो प्लास्टिक टैंक की जरूरत है, जिनमें किचन से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों को डाला जा सके। वे कहते हैं कि घरेलू पदार्थों से तैयार होने वाली बायोगैस मुख्यतः मीथेन और कार्बन डाइ ऑक्साइड का मिश्रण होती है और इसे सीधे ईंधन के रूप में उपयोग किया जा सकता है।

गोबर से अच्छा सब्जियों का कचरा : करवे कहते हैं कि कॉम्पेक्ट बायोगैस प्लांट तकनीक को विकसित करने में उन्हें तीन साल का समय लगा और यह पूरी तरह किचन वेस्ट पर आधारित है। रसोई से निकलने वाला कचरा गाय के गोबर से भी अच्छा मीथेन का स्रोत है।

वे कहते हैं कि एक किलोग्राम किचन वेस्ट 24 घंटे में जितनी बायोगैस तैयार करता है उतनी ही गैस 40 किलो गोबर से तैयार होने में 40 दिनों का समय लगता है। गोबर की अपेक्षा किचन वेस्ट की क्षमता 400 गुना ज्यादा है।

होटलों के लिए फायदे का सौदा : करवे कहते हैं कि यह छोटा सा बायोगैस संयंत्र होटलों और रेस्टोरेंट के लिए फायदे का सौदा है, क्योंकि होटलों में किचन वेस्ट सबसे ज्यादा निकलता है। इससे रेस्टोरेंट के कचरे को प्राकृतिक तरीके से नष्ट भी किया जा सकेगा और उससे बनने वाली बायोगैस का उपयोग पुनः रेस्टोरेंट में किया जा सकेगा।

एलपीजी की खपत घटी : करवे और उनके साथ 40 लोगों की टीम ने अब तक देशभर में तीन हजार और देश से बाहर दो हजार प्लांट लगा दिए हैं। पुणे की कई होटलों और रेस्टोरेंट में यह सिस्टम लगाने के बाद एलपीजी की खपत काफी कम हो गई है।

करवे कहते हैं कि सिस्टम को लगवाने में ज्यादा खर्चा भी नहीं आता है। मात्र छः हजार रुपए में इसे घर में लगवाया जा सकता है। (नईदुनिया)
और भी
चंद्रास्वामी की विदेश यात्रा पर रोक
अमरमणि की उच्च न्यायालय से अपील
उदित नारायण के खिलाफ मामला दर्ज
राज ही रहेगा हत्या का कारण!
'मुझे महाजन, मुंडे की जरूरत नहीं'
सांसद मोतीउर्रहमान का निधन