तमिल फिल्मों के सुपर स्टार रजनीकांत पर बनाई जा रही एनीमेशन फिल्म 'सुल्तान' अगले साल दिसंबर में रिलीज होगी। रजनीकांत पहले भारतीय हीरो हैं, जिन पर थ्री-डी एनीमेशन फिल्म बनाई जा रही है।
'सुल्तान द वारियर' फिल्म एक एक्शन फिल्म होगी, जिसमें रजनीकांत को एक पौराणिक तथा किवदंती नायक के रूप में दिखाया जाएगा।
90 मिनट की यह फिल्म रजनीकांत के लिए एक तोहफा होगी, जो उन्हें उनके अगले जन्मदिन पर उनकी बेटी सौंदर्या उन्हें देंगी। कल ही रजनीकांत ने अपना 57वाँ जन्मदिन मनाया है।
सौंदर्या द्वारा निर्देशित इस फिल्म से प्रख्यात संगीत निर्देशक ए.आर. रहमान, गीतकार वैरामुथु और कला निदेशक थोट्टा थरानी जैसे नाम भी जुड़ेंगे। फिल्म के एनीमेशन संस्करण में रजनीकांत की आवाज होगी।
|