भारी बर्फबारी के कारण कश्मीर घाटी गुरुवार को लगातार तीसरे दिन देश के बाकी हिस्सों से कटी रही। ऊँचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
हालाँकि हवाई यातायात प्रभावित नहीं हुआ है और विमानों का आवागमन जारी है। हवाई अड्डे के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
परिवहन विभाग के प्रवक्ता के अनुसार कश्मीर तथा देश के बाकी हिस्सों के बीच एकमात्र सड़क संपर्क मार्ग 300 किलोमीटर लंबा श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग आज लगातार तीसरे दिन यातायात के लिए बंद रहा।
कश्मीर का प्रवेश द्वार कही जाने वाली जवाहर सुरंग के आसपास भारी बर्फबारी होने के मद्देनजर श्रीनगर या जम्मू से किसी भी वाहन को राजमार्ग पर आने की इजाजत नहीं दी जा रही है।
कुछ अन्य मार्गो पर भी मंगलवार को भारी बर्फ जमा होने के कारण यातायात बंद रखा गया, जिनमें बनिहाल भी शामिल है। मौसम विभाग के अनुसार आज सुबह साढ़े आठ बजे बनिहाल में 53.8 मिलीमीटर तथा काजीगुंड और बटोट में क्रमश: 45.2 और 40 मिमी बर्फ गिरी।
श्रीनगर में 5.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई जबकि पर्यटन स्थल पहलगाम और कोकरनाग में क्रमश: 15.8 मिमी और 20 मिमी बर्फ रिकॉर्ड की गई।
|