भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता रहे स्वर्गीय प्रमोद महाजन के घर में कोहराम मचा हुआ है। वजह यह है कि उनके इकलौते बेटे राहुल की पत्नी श्वेता महाजन तलाक लेने के लिए अदालत तक पहुँच गई हैं। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार दोनों पति-पत्नी सहमति से तलाक लेना चाहते हैं।
श्वेता और राहुल की शादी महज सवा साल तक ही टिक सकी। यह शादी प्रमोद महाजन की हत्या के बाद ऐसे वक्त हुई थी, जब राहुल गम गलत करने के लिए कोकीन के नशे में डूबे रहते थे।
उस दौर में उनकी प्रेमिका श्वेता ने राहुल का साथ नहीं छोड़ा, लेकिन आज हालात इस मुकाम पर पहुँच गए कि दोनों ही विवाह के पवित्र बंधन को तोड़ देना चाहते हैं।
गुरुवार की सुबह श्वेता गुड़गाँव की अदालत में अपनी माँ के साथ पहुँची और सत्र न्यायाधीश रामेंद्र जैन की अदालत में हिन्दू विवाह एक्ट की धारा 13 बी के तहत तलाक लेने के लिए अर्जी दाखिल की।
न्यायालय ने श्वेता से गुड़गाँव की निवासी होने का प्रमाण पत्र माँगा और राहुल का पक्ष जानने के लिए अगली सुनवाई के लिए 24 जनवरी की तारीख मुकर्रर कर दी।
जहाँ तक जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक राहुल भी श्वेता से छुटकारा पाना चाहते हैं। हालाँकि अदालत में राहुल और उनके वकील मौजूद नहीं थे। तलाक के बारे में अभी उनकी चुप्पी यह जताती है कि वे भी 'स्वतंत्र' होना चाहते हैं।
सनद रहे कि राहुल और श्वेता ने विदेश में उड़ान संबंधी कोर्स साथ-साथ किया था और दोनों परिवार एक दूसरे को लंबे समय से जानते थे। भाजपा के बड़े नेताओं की उपस्थिति में दोनों का विवाह गत वर्ष 29 अगस्त को संपन्न हुआ था।
उस समय राहुल मादक द्रव्य मामले में कानूनी लड़ाई का सामना कर रहे थे। मुंबई में प्रमोद महाजन की गोली मारकर हत्या किए जाने के तीन महीने बाद यह समारोह हुआ था।
अरसे से था प्रेम : श्वेता और राहुल जब विदेश में उड़ान संबंधी कोर्स कर रहे थे, तभी दोनों के बीच मुहब्बत की कोपलें फूटीं थीं। प्रमोद महाजन की हत्या के बाद राहुल ने खुद को नशे के आगोश में डुबो लिया था। परिवार वालों ने इसका इलाज 'विवाह' के रूप में ढूँढा।
श्वेता की पिटाई और बहाना साइकिल से गिरने का : अगस्त 2007 में विवाह के बाद श्वेता और राहुल हनीमून मनाने विदेश गए लेकिन वहाँ पर राहुल का असली रूप देखकर श्वेता दंग रह गई। उसी दौरान श्वेता की पिटाई हुई।
मिड-डे की संवाददाता ने किया था खुलासा : श्वेता के साथ हो रहे जुल्म और पिटाई का खुलासा मुंबई के आग्ल सायंकालीन 'मिड-डे' की एक संवाददाता ने किया था, जो श्वेता की मित्र थीं। बाद में जब श्वेता के हाथ पर चोट के निशान अखबार के पन्नों तक पहुँचे तो राहुल ने यह सफाई दी कि वह साइकिल से गिर पड़ी थी।
गुड़गाँव में ही रहती थी श्वेता : रोजाना की किचकिच और मारपीट की घटनाओं ने श्वेता को भीतर तक इतना हिलाकर रख दिया था कि उसने मुंबई छोड़कर अपनी माँ के पास गुड़गाँव में रहने का फैसला कर लिया था। साथ ही उसने विमान कंपनी की नौकरी भी नहीं छोड़ी थी।
कुछ महीने बीते और राहुल दोबारा श्वेता के लिए गुड़गाँव गए। यही नहीं, उन्होंने पुरानी गलतियों के लिए माफी माँगी। मुंबई आने के बाद राहुल का फिर असली रंग सामने आया और एक फिर श्वेता दोबारा गुड़गाँव पहुँच गई।
आखिरकार गुरुवार को वह दिन भी सामने आ गया, जब पूरे देश को यह पता चल गया कि श्वेता और राहुल महाजन के रास्ते अलग-अलग होने जा रहे हैं। हालाँकि अभी तक दोनों की ओर से मीडिया से कोई बातचीत नहीं की गई है।
|