नगालैंड में गुरुवार से शुरू हो रहे विधानसभा के 16 वें अधिवेशन से पहले नगालैंड पीपुल्स फ्रंट के तीन संसदीय सचिवों समेत छह विधायकों ने पार्टी और विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है।
इन विधायकों ने उस समय पद से इस्तीफा दिया है जब कांग्रेस विधानसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने वाली है।
विधानसभा सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि कोहोतो होलोन ने पहले बतौर संसदीय सचिव इस्तीफा दिया था और अब एनपीएफ से भी इस्तीफा दे दिया है। एनपीएफ सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक एलायंस ऑफ नगालैंड की प्रमुख घटक है।
इस्तीफा देने वाले अन्य संसदीय सचिवों में कपिली संगतम, नखाओ लोथा और हेवोतो सेमा शामिल हैं। इसके अलावा विधायक टेरी जेलियांग और हुकावी सेमा ने भी त्याग पत्र दे दिया है।
इन इस्तीफों के बाद विधानसभा के सदस्यों की संख्या 60 से घटकर 49 रह गई है। उल्लेखनीय है कि दो मंत्रियों समेत पाँच विधायक पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं।
इस बीच नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियो रियू ने एक विज्ञप्ति जारी कर विपक्षी कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि वह डीएएन सरकार को अस्थिर करने के लिए असामाजिक तत्वों का सहारा ले रही है।
|