अभिनेता शाहरुख खान की फिल्म 'ओम शांति ओम' और 'चक दे इंडिया' जहाँ बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है तो उन्हें इसके साइड इफैक्ट भी झेलना पड़ रहे हैं।
उन्हें गैंगस्टर बंटी पांडे द्वारा धमकीभरे फोन किए जा रहे हैं। बंटी को अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम और छोटा राजन का शूटर माना जाता है।
शाहरुख ने बताया कि गैंगस्टर द्वारा उन्हें बार-बार फोन किया जा रहा है और 2 करोड़ रुपए माँगे जा रहे हैं। उन्हें धमकाने के लिए 6 गुर्गे भी उनके घर भेजे थे।
किंग खान को मिली धमकी के बाद पुलिस ने उनके बंगले मन्नत में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। उल्लेखनीय है कि बुधवार के दिन एक निजी टेलीविजन चैनल ने गैंगस्टर बंटी पांडे का बाकायदा इंटरव्यू प्रसारित किया था।
इस साक्षात्कार में बंटी ने शाहरुख से पैसा माँगने के साथ ही उनकी हत्या तक करने की धमकी दी थी। यह इंटरव्यू उसने मॉरीशस से दिया था। बंटी का पूरा नाम नयन प्रकाश पांडे है और पहले वह छोटा राजन गिरोह में था, लेकिन बाद में उसने अपनी अलग गैंग बना ली।
शाहरुख ने बंटी से मिली धमकी की जानकारी क्राइम ब्रांच और आतंक-रोधी दस्ते (एसटीएफ) को दे दी है।
शूटर बंटी ने शाहरुख को धमकी के साथ 40 करोड़ की माँग रखी है। उसका कहना है कि शाहरुख ने फिल्म 'ओम शांति ओम' से 400 करोड़ कमाए हैं और मैं उनसे इस रकम का 10 फीसदी हिस्सा चाहता हूँ। फिलहाल मेरी डिमांड 2 करोड़ की है।
इस एपिसोड की सबसे मजेदार बात तो यह देखने को मिली है कि बंटी इससे पूरी तरह आश्वस्त है कि शाहरुख आसानी से उसे 2 करोड़ दे देंगे। वह रकम को लेकर बहुत ज्यादा चिंतित नहीं है।
उधर पुलिस ने कहा कि इस गैंगस्टर की धमकी में कोई बहुत ज्यादा दम नहीं है, फिर भी क्राइम ब्रांच के पुलिसकर्मी शाहरुख की सुरक्षा में पहले से ज्यादा मुस्तैद कर हैं।
|