बड़े पर्दे पर अनेक भूमिकाएँ निभाने वाले बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने क्विजमास्टर की भूमिका निभाते हुए प्रबंधन के छात्रों को सलाह दी कि वे विफलता को जीवन में व्यावहारिक सबक पाने के लिए महत्वपूर्ण समझें।
शाहरुख ने सोमवार शाम यहाँ एक क्विज शो में युवा दर्शकों से कहा सफलता अक्ल का दरवाजा नहीं खोलती। विफलता आपको सब कुछ सिखाती है। विफलता बहुत महत्वपूर्ण है। विफलता का डर आपको व्यावहारिक बनाएगा। यह आपको सोचने की दिशा में तर्कसंगत बनाएगा।
उन्होंने कहा कि विफलता किसी भी रूप में हो सकती है और विफलता का अनुभव ही है, जो व्यक्ति के जीवन को आगे ले जाता है।
उन्होंने कहा गलत होने पर चिंतित न हों। इससे सीखें। इस शो में ब्रांड, मार्केटिंग अवधारणाओं से लेकर प्रबंधन सिद्धांतों सरीखे विभिन्न विषयों से छात्रों से प्रश्न पूछे गए।
उन्होंने कहा असफलता आपको हमेशा कठोर श्रम करने को प्रेरित करेगी। शाहरुख ने कहा-मैं इसलिए कठोर श्रम करता हूँ, क्योंकि मैं विफलता से डरता हूँ।
शाहरुख ने ये बातें इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ प्लानिंग एंड मैनेजमेंट द्वारा आयोजित आईआईपीएम 4 पीज’ शो में कहीं। (भाषा)