जम्मू। थलसेना अध्यक्ष जनरल दीपक कपूर ने मंगलवार को कहा कि पाकिस्तान के विभिन्न प्रशिक्षण केन्द्रों में मौजूद करीब 2500 आतंकवादी हिमपात के बाद सीमा से सटे दर्रे के बंद होने से पहले भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करने का इंतजार कर रहे हैं।
जनरल कपूर ने कहा कि हमारी रिपोर्टों के मुताबिक यह अनुमान है कि पाकिस्तान में 42 आतंकवादी प्रशिक्षण शिविर हैं। इन शिविरों में मौजूद आतंकवादियों की कुल संख्या दो हजार से ढाई हजार के करीब है और वे इस ओर घुसपैठ करने को तैयार हैं।
बहरहाल सैन्य प्रमुख ने कहा कि सुरक्षा बल आतंकवादियों की घुसपैठ की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे सैनिक तैयार हैं। कोई डर नहीं है। भारतीय सेना उनसे निपटने को तैयार है। कपूर ने कहा कि चाहे तालिबान हो, लश्कर-ए-तैयबा हो या हिज्बुल मुजाहिदीन हो देश की जनता की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हम उनसे निपटने को तैयार हैं।
उन्होंने सीमा पर संघर्ष विराम उल्लंघन से जुड़े सवाल के जवाब में कहा कि पिछले साल की तुलना में इस वर्ष संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाओं में कमी आई है। जनरल कपूर ने कहा कि हमारी कोशिश यह है कि पाकिस्तान संघर्ष विराम उल्लंघन पूरी तरह रोके। लेकिन उनकी (पाकिस्तान की) कोशिश ठंड आने से पहले (जब बर्फ के कारण दर्रे बंद हो जाएँगे) इस ओर अधिक से अधिक आतंकवादियों को भेजने की है। (भाषा)