सरकार इस बात की जाँच करेगी कि पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तहाव्वुर राणा और उसकी पत्नी को बहुद्देश्यीय यात्रा संबंधी वीजा जारी करते समय शिकागो वाणिज्य दूतावास में जरूरी मापदंडों को अपनाया गया था या नहीं।
थरूर ने यहाँ कहा कि मामले की छानबीन चल रही है। मामले की जाँच का कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ है। जब तक यह पूरा नहीं हो जाता, यह बताना कठिन है कि वास्तव में क्या हुआ था।
थरूर ने कहा हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि राणा को वीजा जारी करते समय सही नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
गौरतलब है कि अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई ने पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक राणा और अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमेन हेडली को कथित तौर पर मुंबई हमले में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उधर, वाणिज्य दूतावास का कहना है कि राणा को वीजा उपलब्ध प्रमाण-पत्रों के आधार पर जारी किया गया था। (वार्ता)