सचिन तेंडुलकर पर हमला जारी रखते हुए शिवसेना ने रविवार को उनकी तुलना सुनील गावस्कर से करते हुए कहा कि गावस्कर 'सच्चे महाराष्ट्रियन' हैं।
इसके पहले पार्टी सुप्रीमो बाल ठाकरे ने 36 वर्षीय क्रिकेटर की उनकी ‘मुंबई फॉर ऑल’ टिप्पणी के लिए आलोचना की थी। सचिन पर ताजा हमला पार्टी के मुखपत्र सामना में एक आलेख में सांसद संजय राउत ने किया है।
तेंडुलकर की गावस्कर के साथ तुलना करते हुए राउत ने आरोप लगाया कि ऐसा कोई उदाहरण नहीं है, जब सचिन ने अन्य मराठी क्रिकेटरों की ओर मदद का हाथ बढ़ाया हो। अन्य की बात तो दूर उन्होंने विनोद कांबली का भी समर्थन नहीं किया।
बतौर क्रिकेटर तेंडुलकर की महानता स्वीकार करते हुए राउत ने कहा कि दूसरी ओर गावस्कर जब भारतीय टीम के कप्तान थे, आधी टीम मुंबई और महाराष्ट से थी। उन्होंने सुरु नायक और जुल्फिकार पारकर सहित कई मराठी खिलाड़ियों को टेस्ट कैप का दर्जा दिलाया। आलेख में दावा किया गया है कि इस संदर्भ में गावस्कर सच्चे महाराष्ट्रियन हैं और पूरा देश उन्हें अब भी प्यार करता है।
इसमें कहा गया है कि सचिन जैसे खिलाड़ी क्रिकेट के खेल के कारण अमीर हुए हैं। सचिन की संपत्ति 200 करोड़ रुपए से अधिक की है। हम उम्मीद करते हैं कि सचिन को महाराष्ट्र का होने पर वैसा ही गर्व होना चाहिए जैसा सौरव गांगुली को बंगाल से है। राउत ने कहा कि राहुल द्रविड़ भी मराठी खिलाड़ी हैं, लेकिन उनकी निष्ठा कर्नाटक के साथ है।
इसके पहले 16 नवंबर को बाल ठाकरे ने सचिन के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिसकी बीसीसीआई के अलावा कई राजनेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। ठाकरे ने कहा था कि तेंडुलकर ने अपनी टिप्पणी के जरिये क्रीज छोड़ दी है और राजनीति की पिच पर आ गए हैं। इससे मराठी भावना को ठेस लगी है।
उल्लेखनीय है कि तेंडुलकर ने कहा था कि मैं महाराष्ट्रियन हूँ और मुझे इसका गर्व है, लेकिन मैं पहले भारतीय हूँ और मुंबई सभी भारतीयों का है। (भाषा)